विद्यालयों में पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों से रूबरू हुए छात्र-छात्राएं

जागरूकता अभियान में बताए गए कानूनी अधिकार, दंड और हेल्पलाइन नंबर
बिजनौर, 29 सितंबर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बिजनौर संजय कुमार सप्तम के मार्गदर्शन में 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों, कानूनी परिणामों, बच्चों के अधिकारों तथा आत्मसुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
मंगलवार को गवर्नमेंट हाई स्कूल, बिसाट में विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी) अर्पणा पाण्डेय की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि पॉक्सो अधिनियम 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन शोषण, छेड़छाड़ और पोर्नोग्राफी जैसे अपराधों से संरक्षण प्रदान करता है। पैनल अधिवक्ता आनंद कश्यप ने अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों और अपराधों के लिए निर्धारित दंड की जानकारी दी। कार्यक्रम में करीब 60 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
आर्य वैदिक कन्या इंटर कॉलेज, बिजनौर में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण स्वाति चन्द्रा की अध्यक्षता में छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को पॉक्सो अधिनियम और आत्मसुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। कृष्णा कॉलेज ऑफ लॉ के लॉ प्रोफेसरों एवं छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में करीब 369 छात्राओं एवं 22 शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया।
महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, मंडावर में अपर सिविल जज (सीडि.) अजय कुमार चतुर्थ की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों के अधिकारों एवं पॉक्सो अधिनियम की उपयोगिता पर जानकारी दी गई। वहीं किसान इंटर कॉलेज, पीलीचौकी में सिविल जज (जू.डि.) स्वाति वर्मा ने पॉक्सो अधिनियम के साथ नालसा हेल्पलाइन 1500, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा पुलिस हेल्पलाइन 112 की जानकारी छात्र-छात्राओं को दी।

दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में क्रमशः करीब 630 और 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने बच्चों से किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपत्तिजनक घटना की जानकारी अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित हेल्पलाइन को देने का आह्वान किया।