त्योहारों, परीक्षाओं और चुनाव को लेकर बिजनौर में सख्ती, 30 नवंबर तक पूरे जिले में धारा 163 लागू

बिजनौर, 01 अक्टूबर। आगामी त्योहारों, विभिन्न परीक्षाओं, चुनावी गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जनपद बिजनौर के संपूर्ण क्षेत्र में 01 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 प्रभावी कर दी गई है। अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) अंशिका दीक्षित ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में शारदीय नवरात्रि, महात्मा गांधी जयंती, महाराजा अग्रसेन जयंती, दशहरा, महर्षि वाल्मीकि जयंती, सरदार वल्लभभाई पटेल एवं आचार्य नरेंद्र देव जयंती, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, चित्रगुप्त जयंती, छठ पूजा, वीरांगना ऊदा देवी शहीद दिवस, गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा सहित विभिन्न पर्व एवं आयोजन प्रस्तावित हैं।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश विधान परिषद के बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 तथा विभिन्न प्रकार की परीक्षाएं भी आगामी दिनों में आयोजित होनी हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए जिले में लोक प्रशांति एवं सार्वजनिक जीवन की सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह आदेश लागू किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि जनपद में तेजी से चल रही राजनीतिक गतिविधियों के परिप्रेक्ष्य में कुछ अवांछनीय एवं असामाजिक तत्व सक्रिय होकर लोक प्रशांति तथा साम्प्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 163 लागू की गई है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के अंतर्गत दंडनीय अपराध होगा। आदेश 01 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होकर 30 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा।