- विद्यालय में बंदरों का आतंक, कर्मचारी को काटने से मचा हड़कंप; प्रधानाचार्य ने नगर पंचायत से की बंदर पकड़वाने की मांग

झालू। हृदयानंद सार्वजनिक इंटर कॉलेज झालू में बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर विद्यालय प्रशासन ने नगर पंचायत झालू से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है। विद्यालय के प्रधानाचार्य/प्रबंधक ने नगर पंचायत अध्यक्ष को पत्र भेजकर विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया है।
पत्र में विद्यालय प्रशासन ने अवगत कराया कि विद्यालय परिसर में प्रतिदिन बंदरों का झुंड बड़ी संख्या में आना-जाना लगा रहता है, जिससे विद्यालय में भय का माहौल बना हुआ है। बंदरों के कारण विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, बंदरों ने विद्यालय के एक कर्मचारी को काट भी लिया है। ऐसे में विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए बंदरों को पकड़वाना बेहद आवश्यक है।
विद्यालय प्रशासन ने नगर पंचायत से अनुरोध किया है कि बंदरों को अति शीघ्र पकड़वाकर विद्यालय परिसर को बंदरों के आतंक से मुक्त कराया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं सुरक्षित वातावरण में अध्ययन कर सकें। पत्र पर प्रधानाचार्य/प्रबंधक के हस्ताक्षर एवं विद्यालय की मुहर अंकित है।